
बागेश्वर: विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन द्वारा जिलाधिकारी का बैच अलंकरण कर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रेड क्रॉस द्वारा किए जा रहे मानवीय कार्यों और सेवा गतिविधियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने जनपद में रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपदा तथा अन्य अनिवार्य परिस्थितियों में रेड क्रॉस सोसाइटी इसी प्रकार अपनी सक्रिय भूमिका का निर्वहन करती रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि समाज सेवा के कार्यों में जहां भी आवश्यकता होगी, जिला प्रशासन द्वारा संस्था को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में आलोक पाण्डेय ने जनपद रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में संपादित किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोसाइटी द्वारा आपदा से प्रभावित होने वाले व्यक्तियों को तत्काल सहायता के रूप में कंबल, तिरपाल और राशन किट प्रदान किए जाते हैं। इसके साथ ही, आम नागरिकों और स्वयंसेवकों को प्राथमिक चिकित्सा तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी नियमित रूप से दिया जाता है।
इस अवसर पर रेड क्रॉस द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। पुरस्कृत होने वाले छात्र-छात्राओं में उत्कर्ष, कीर्ति, हितांश, मेघा, दीपशिखा, श्वेता, शांतनु और सगुण शामिल रहे। इसके अतिरिक्त, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं हरीश दफौटी, मोहिनी कोरंगा, रमेश पर्वतीय, संजय शाह, किशन सिंह मलडा, नीरज उपाध्याय, आलोक पाण्डेय और प्रेमा रावत को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल, जिला रेड क्रॉस अध्यक्ष इंदर सिंह फर्स्वाण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और रेड क्रॉस सोसाइटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।