अल्मोड़ा: घरेलू गैस आपूर्ति पर सख्ती, जमाखोरी-कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

Responsive example

अल्मोड़ा: वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनजर जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ जनपद में संचालित घरेलू गैस एजेंसियों के संचालक, प्रभारी तथा अन्य संबंधित हितधारक उपस्थित रहे। जनपद में घरेलू गैस की सुचारु एवं निर्बाध आपूर्ति, कालाबाजारी व जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण तथा आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू गैस आपूर्ति में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि वर्तमान में जनपद में घरेलू गैस की उपलब्धता पर्याप्त है, अतः जनपदवासियों को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।

जिलाधिकारी ने सभी गैस वितरकों को निर्देशित किया कि बिना बुकिंग के किसी भी व्यक्ति को गैस सिलेंडर की आपूर्ति न की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस बुकिंग के लिए निर्धारित 25 दिन के अंतराल का अनिवार्य रूप से पालन होगा। यह सुनिश्चित करेगा कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिले और अनावश्यक भीड़ या अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

यह भी बताया गया कि गैस वितरण व्यवस्था की प्रभावी निगरानी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्विक रिस्पांस दलों (Quick Response Teams) का गठन किया गया है। इन दलों में संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष तथा पूर्ति निरीक्षक शामिल हैं, जो गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी गैस एजेंसियां प्रतिदिन अपने स्टॉक का समुचित रिकॉर्ड संधारित करें और आवश्यकतानुसार प्रशासन को इसकी जानकारी दें। उन्होंने चेतावनी दी कि कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अनियमितता का मामला सामने आने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे निर्धारित समयावधि में ही गैस बुकिंग कराएं और अतिरिक्त सिलेंडर लेने का अनावश्यक प्रयास न करें। यदि किसी उपभोक्ता को ऑनलाइन बुकिंग में समस्या आती है, तो वह मैनुअल बुकिंग कराकर संबंधित गोदाम से सिलेंडर प्राप्त कर सकता है।

उन्होंने अवगत कराया कि एहतियात के तौर पर व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की डिलीवरी पर अस्थायी रोक लगाई गई है। इसका उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराना है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन जनपदवासियों को आवश्यक सेवाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु जिला प्रशासन द्वारा एक आपातकालीन कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। गैस आपूर्ति संबंधी शिकायत दर्ज कराने या सूचना देने के लिए कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर जारी किए गए हैं, जिससे स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा सकेगी।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, सहायक प्रबंधक इंडियन ऑयल गैस रोहित गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी करुणा पंत सहित गैस एजेंसियों के प्रभारी, वितरक तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। क्विक रिस्पांस दलों के सदस्य वर्चुअली रूप से इस बैठक से जुड़े थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *