
चम्पावत: उत्तराखंड सरकार राज्य के राजकीय विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण तथा उनके बुनियादी ढांचे को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास कर रही है।
इसी दिशा में मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप चम्पावत जनपद की पाटी तहसील के अंतर्गत स्थित तीन राजकीय विद्यालयों के परिसरों के लिए भूमि हस्तांतरण को स्वीकृति मिली है। राज्य सरकार की भूमि को ‘विद्यालयी शिक्षा विभाग’ के नाम हस्तांतरित करने का आदेश जारी हुआ है।
शासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय परेवा के लिए 0.100 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। इसी प्रकार, राजकीय प्राथमिक विद्यालय आमलिंग (जो परेवा में स्थित है) को 0.060 हेक्टेयर भूमि तथा ग्राम चौड़ापिता में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय गागरी को 0.020 हेक्टेयर भूमि का आवंटन किया गया है। यह समस्त भूमि हस्तांतरण सार्वजनिक उपयोग के उद्देश्य से किया गया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि इस निर्णय से स्थानीय ग्रामीण, शिक्षक और विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब इन विद्यालयों के परिसरों में अतिरिक्त कक्षा-कक्षों और खेल मैदानों जैसी आवश्यक सुविधाओं का निर्माण कार्य सरलता से संपन्न हो सकेगा।