जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों में गुणवत्ता पर जिलाधिकारी के कड़े निर्देश

IMG 20260309 WA0012
Responsive example

बागेश्वर: जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दरबार में आमजन की समस्याओं को सुना। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कई शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समाचार पत्रों में प्रकाशित जनसमस्याओं को भी संज्ञान में लिया और उनके शीघ्र समाधान के आदेश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी योजनाओं के अंतर्गत शेष बजट को समयबद्ध रूप से व्यय करने के निर्देश दिए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला योजना तैयार करते समय जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनके सुझावों को शामिल करने को कहा, ताकि विकास कार्य स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप हों।

आपदा प्रबंधन पर जोर देते हुए, जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का कार्य केवल आपदा आने पर प्रतिक्रिया देना नहीं, बल्कि पहले से तैयार रहना होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपदा प्रबंधन के प्रति सतर्क रहते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के माध्यम से प्रत्येक गांव में पेयजल उपलब्धता का विस्तृत डेटा संकलित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य पेयजल योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।

बैठक में घिरौली स्थित कांडा पाइपिंग पेयजल योजना की प्रगति की समीक्षा भी हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 89 गांवों को जोड़ने के लक्ष्य के तहत प्रतिदिन कम से कम 5 गांवों को जल आपूर्ति सुचारू की जाए, ताकि ग्रामीणों को शीघ्र पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को कार्यालय समय का कड़ाई से पालन करने, सभी कार्यालयों में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली नियमित संचालित रखने तथा सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल सहित जिले के समस्त स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *