नेपाल चुनाव: चम्पावत सीमा 72 घंटे के लिए सील, आवागमन प्रतिबंधित

Responsive example

चम्पावत: नेपाल में आगामी प्रतिनिधि सभा सदस्य चुनाव को देखते हुए चम्पावत जनपद से लगी अंतर्राष्ट्रीय सीमा को 72 घंटे के लिए सील किया जाएगा। इस अवधि के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

नेपाल के डडेलधुरा जिले में 05 मार्च, 2026 को प्रतिनिधि सभा सदस्य चुनाव निर्धारित हैं। इन चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। डडेलधुरा (नेपाल) के प्रमुख जिल्लाधिकारी के औपचारिक अनुरोध पर जिलाधिकारी चम्पावत ने सीमा सील करने के आदेश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी के आदेशानुसार, मतदान प्रक्रिया की संवेदनशीलता को देखते हुए अंतर्राष्ट्रीय सीमा मतदान से ठीक 72 घंटे पहले सील की जाएगी। यह प्रतिबंध 03 मार्च, 2026 की मध्यरात्रि 00:00 बजे से प्रभावी होगा और मतदान की समाप्ति तक, यानी 05 मार्च, 2026 की रात 24:00 बजे तक, लागू रहेगा।

निर्धारित अवधि में सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी रहेगी और सामान्य आवागमन की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कदम सीमा पार से संभावित अवांछनीय गतिविधियों को रोकने और चुनाव प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

जिलाधिकारी ने संबंधित सुरक्षा एजेंसियों और सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों को इन आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसका लक्ष्य अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर शांति व्यवस्था बनाए रखना और नेपाल में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न होने देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *