
अल्मोड़ा: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके ने जनपद के सभी कोतवाली और थाना प्रभारियों को स्कूलों, कॉलेजों, शहरी, कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों सहित विभिन्न संस्थानों में जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
दिनांक 26 फरवरी 2026 को, अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह के पर्यवेक्षण में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला कोतवाली की प्रभारी निरीक्षक जानकी भण्डारी के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक बीना दोसाद और महिला पुलिस टीम ने विवेकानन्द बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जीवनधाम अल्मोड़ा में अध्ययनरत छात्राओं और स्कूली स्टाफ को संबोधित किया।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, डिजिटल धोखाधड़ी के तहत होने वाली फर्जी गिरफ्तारियों से बचाव, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, साइबर क्राइम से सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, पोक्सो अधिनियम संबंधी जानकारी, नए आपराधिक कानूनों में महिला सुरक्षा प्रावधान, एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग और गौरा शक्ति ऐप की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, हेल्पलाइन नंबर डायल 112, महिला सुरक्षा 1090, चाइल्ड हेल्प 1098 और साइबर हेल्प 1930 के बारे में भी बताया गया।
इस दौरान, छात्राओं को आत्मरक्षा के बुनियादी टिप्स बताए गए। आपात स्थिति में सुरक्षित रहने के उपाय तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस या भरोसेमंद व्यक्ति को सूचना देने हेतु प्रेरित किया गया।