
टनकपुर (चंपावत), 3 नवंबर 2025।
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्षगांठ के अवसर पर जिला खेल कार्यालय चंपावत के तत्वावधान में आज स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में जिला स्तरीय फुटबॉल (अंडर-17, बालक वर्ग) प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा विश्वकर्मा रहीं। उन्होंने विजेता व उपविजेता टीमों को सम्मानित किया और खिलाड़ियों को भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएँ दीं।
फुटबॉल प्रशिक्षक गौरव खोलिया ने बताया कि फाइनल मुकाबला लोहाघाट और बनबसा की टीमों के बीच खेला गया। जोरदार संघर्ष और रोमांचक क्षणों से भरे इस मैच में लोहाघाट की टीम ने 4-3 से शानदार जीत दर्ज की, जिससे मैदान में मौजूद दर्शक उत्साह से झूम उठे।
निर्णायक मंडल में रोहन बिष्ट और सौरभ बोहरा शामिल रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्टेडियम प्रभारी मुकेश शर्मा, स्पोर्ट्स हॉस्टल बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर, फुटबॉल प्रशिक्षक पवनेश पाटनी, रन बहादुर मल, नितिन ढेक, बॉक्सिंग प्रशिक्षक सूरज पांडे, वॉलीबॉल प्रशिक्षक आशा पांडे, क्रिकेट प्रशिक्षक मनोज टकवाल, हीरा, दीपक एवं राकेश का विशेष सहयोग रहा।
यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के उत्साह का प्रतीक रही बल्कि जनपद में खेल प्रतिभा के उज्ज्वल भविष्य की झलक भी दिखी। 🌟