मुख्यमंत्री धामी की पहल से पूर्णागिरि यात्रा होगी बारहमासी, किरोड़ा नाले पर पुल निर्माण को मिली मंजूरी

Responsive example

चम्पावत – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने विश्वप्रसिद्ध माँ पूर्णागिरि धाम की यात्रा को वर्षभर संचालित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम उठाया है। इस पहल के तहत श्रद्धालुओं को बारहों महीने सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा को धरातल पर उतारते हुए टनकपुर नगर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत नायकगोठ में स्थित किरोड़ा नाले पर प्रस्तावित पुल निर्माण को शासन से स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह पुल माँ पूर्णागिरि धाम की यात्रा के लिए एक अहम कड़ी साबित होगा।

प्रस्तावित परियोजना के अंतर्गत 480 मीटर लंबाई तथा 120 मीटर स्पैन वाले पुल के निर्माण हेतु कुल ₹48.37 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय मंजूरी दी गई है। यह स्वीकृति मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 1984/2015 के अंतर्गत प्रदान की गई है।

इस पुल के निर्माण से न केवल पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा, बल्कि टनकपुर नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए भी आवागमन पहले से अधिक सुगम हो जाएगा। साथ ही, बारहमासी यात्रा शुरू होने से पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय रोजगार, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य संबंधित क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी।
ब्रिज कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (ब्रिडकुल), हल्द्वानी इकाई द्वारा प्रस्तुत ई-डीपीआर के परीक्षण के बाद शासन स्तर पर इस परियोजना को हरी झंडी दी गई।

जिलाधिकारी  मनीष कुमार ने इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए कहा कि किरोड़ा नाले पर बनने वाला पुल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *