राजकीय इंटर कॉलेज किमतोली में आपदा प्रबंधन विषयों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

Responsive example

 

चम्पावत – जनपद चम्पावत की तहसील लोहाघाट अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, किमतोली में आपदा प्रबंधन से संबंधित बहुविषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, प्राथमिक चिकित्सा, भूकंपरोधी भवन निर्माण सहित विभिन्न आपदा प्रबंधन विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपदाओं के प्रति जन-जागरूकता का महत्व बताते हुए यह जानकारी दी गई कि आपदा की स्थिति में स्वयं को, अपने परिवार एवं पालतू पशुओं को किस प्रकार सुरक्षित रखा जा सकता है। साथ ही बाढ़ एवं भूस्खलन की स्थिति में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों, भूकंप से सुरक्षा एवं बचाव के उपायों, प्राथमिक उपचार, सीपीआर (CPR), घायल व्यक्ति को सुरक्षित ढंग से स्थानांतरित करने की विधियों की जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त आपदा रेस्क्यू एवं बचाव उपकरणों की जानकारी, रैपलिंग एवं जुमारिंग, रिवर क्रॉसिंग, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी स्ट्रेचर निर्माण की विधि, भूकंपरोधी भवन निर्माण के तकनीकी पहलुओं तथा आपातकालीन मोबाइल एवं टोल-फ्री नंबरों की जानकारी भी साझा की गई। प्रशिक्षण के दौरान महिला हेल्पलाइन नंबरों, सचेत ऐप एवं भूकम्प ऐप के उपयोग एवं महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मास्टर ट्रेनर भरत गुसाईं, एसडीआरएफ के सब इंस्पेक्टर बहादुर सिंह बजेठा, हेड कांस्टेबल राम सिंह धोनी, किशोर सिंह एवं राकेश जुकरिया द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज किमतोली के प्रधानाचार्य कैलाश गिरी, विद्यालय के अन्य अध्यापक एवं कार्मिकों सहित लगभग 250 छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *