25 सूत्रीय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में चम्पावत ने प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान

Responsive example

चम्पावत: नियोजन विभाग के अर्थ एवं संख्या निदेशालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के मार्च माह का प्रगति प्रतिवेदन जारी किया गया है। इस रिपोर्ट के अनुसार, 25 सूत्रीय कार्यक्रमों के सफल और प्रभावी क्रियान्वयन के आधार पर चम्पावत जनपद ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में जनपद ने विकास के निर्धारित मानकों में यह स्थान हासिल किया है।

जारी की गई आधिकारिक रैंकिंग के आंकड़ों के अनुसार, चम्पावत ने कुल 51 योजनाओं में प्रदर्शन करते हुए 92.05 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इस सूची में अन्य जनपदों की स्थिति देखें तो पिथौरागढ़ जनपद 50 योजनाओं में 91.35 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा है। वहीं, रुद्रप्रयाग जनपद ने 43 योजनाओं में 86.03 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया है।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी ने विवरण साझा करते हुए बताया कि 25 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किया गया है। इसमें मुख्य रूप से इको-टूरिज्म विकास, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृक्षारोपण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में जनपद का प्रदर्शन बेहतर रहा है। इन योजनाओं के प्रभावी संचालन के कारण ही जनपद की रेटिंग में सुधार हुआ है।

इस सफलता पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए सभी विभागों ने आपसी समन्वय के साथ कार्य किया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जिलाधिकारी ने इस कार्य के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और गुणवत्ता के साथ कार्यों का संपादन सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *