विकास कार्य सरकार की पहली प्रतिबद्धता : रेखा आर्या

Responsive example

सोमेश्वर–  कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ताकुला मंडल अंतर्गत झिझाड़, किरडा और नाईढौल गांवों में आयोजित जन मिलन कार्यक्रमों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि विकास कार्य सरकार की पहली प्रतिबद्धता है और जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता।

झिझाड़ गांव में घोषणाएं
मंत्री रेखा आर्या ने शिल्पकार बस्ती में पेयजल योजना के लिए विधायक निधि से 3 लाख रुपये और मां भगवती मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 2 लाख रुपये स्वीकृत किए।
ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग से गांव तक लिंक रोड न होने की समस्या रखी, जिस पर मंत्री ने कहा कि यदि ग्रामवासियों द्वारा निजी भूमि का अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) उपलब्ध कराया जाता है, तो सड़क निर्माण के लिए शासन स्तर पर गंभीर प्रयास किए जाएंगे।

किरडा गांव में राहत और सहायता
किरडा गांव में उन्होंने दोनों हरज्यू मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में आई एक विधवा महिला की समस्या सुनकर उन्होंने उसकी विधवा पेंशन शुरू कराने और समाज कल्याण विभाग से आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।

नाईढौल गांव के लिए विकास योजनाएं
नाईढौल गांव में हरज्यू मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु विधायक निधि से 2 लाख रुपये स्वीकृत किए।
गांव में बने खेल मैदान में सुविधाओं की कमी की ओर ध्यान दिलाने पर मंत्री ने कहा कि भूमि स्थानांतरण प्रक्रिया पूर्ण होते ही खेल विभाग द्वारा इसे उच्चस्तरीय सुविधाओं वाले मैदान के रूप में विकसित किया जाएगा।

जनता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *