मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से बदली तक़दीर: अल्मोड़ा के नितिन शाह बने आत्मनिर्भर, चार युवाओं को दिया रोजगार

Responsive example

अल्मोड़ा  जनपद के निवासी नितिन शाह की सफलता की कहानी मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और युवाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण है। फार्मेसी का कोर्स पूरा करने के बाद नितिन शाह अपने भविष्य को स्वरोजगार के माध्यम से आगे बढ़ाना चाहते थे। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की जानकारी मिली, जिसने उनके सपनों को साकार करने का रास्ता दिखाया।

जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक शुभम सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत नितिन शाह को पूरी प्रक्रिया के दौरान निरंतर मार्गदर्शन दिया गया। आवश्यक दस्तावेजों के संकलन से लेकर औपचारिकताओं को पूरा कराने तक जिला उद्योग केंद्र द्वारा उन्हें हर स्तर पर सहयोग प्रदान किया गया। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद नितिन शाह को 3.5 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ, जिससे उन्होंने अपने व्यवसाय की शुरुआत की।

आज नितिन शाह का व्यवसाय न केवल सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है, बल्कि इसके माध्यम से वे चार स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं। वर्तमान में वे अपने व्यवसाय से प्रतिमाह 40 से 50 हजार रुपये तक का लाभ अर्जित कर रहे हैं।

नितिन शाह का कहना है कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। वे गर्व के साथ अपना व्यवसाय चला रहे हैं और उनका अनुभव अब अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहा है, जो स्वरोजगार के जरिए अपने पैरों पर खड़े होना चाहते हैं।

यह सफलता की कहानी साफ तौर पर दर्शाती है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं यदि सही मार्गदर्शन और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ लागू हों, तो वे युवाओं को न केवल रोजगार पाने वाला बल्कि रोजगार देने वाला भी बना सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *