
अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनपद के राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित करना और एक त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना था। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए तिथियों की घोषणा कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट की शत-प्रतिशत तैनाती सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में राजनैतिक दलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी के अनुसार लोकतंत्र की मजबूती के लिए जिला प्रशासन और राजनैतिक दलों को आपसी समन्वय स्थापित कर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए अर्हता तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग और संबंधित कर्मचारियों का प्रशिक्षण 29 मई से 7 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों के वितरण और संकलन का कार्य किया जाएगा। यदि किसी विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों का पुनर्गठन आवश्यक है, तो यह प्रक्रिया 7 जुलाई 2026 से शुरू की जाएगी।
मतदाता सूची के ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को किया जाएगा। ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्रशासन द्वारा नोटिस जारी करने और प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक का समय निश्चित किया गया है। समस्त प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के पश्चात मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस विशेष कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान करें और आम मतदाताओं को इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने बूथ लेवल अफसरों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और किसी भी त्रुटि या समस्या की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करने की बात कही। बैठक में बताया गया कि जनपद में कार्यरत बूथ लेवल अफसरों द्वारा वर्ष 2025 के 93.69 प्रतिशत मतदाताओं को वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैप कर लिया गया है। वर्ष 2025 की मतदाता सूची के आंकड़ों के अनुसार जनपद में कुल 5,27,745 मतदाता पंजीकृत हैं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित संबंधित अधिकारी और विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।