बीस सूत्रीय कार्यक्रम के मई माह मूल्यांकन में चम्पावत प्रदेश में प्रथम स्थान पर

Responsive example

चम्पावत: भारत सरकार के बीस सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन के मई 2026 के मूल्यांकन में चम्पावत जनपद ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 के मई माह में जनपद ने 61.4 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 37 रैंकिंग मदों में से चम्पावत को 24 में ‘A’ श्रेणी, 2 में ‘B’ श्रेणी, 1 में ‘C’ श्रेणी तथा 10 में ‘D’ श्रेणी प्राप्त हुई। जनपद ने कुल 114 अंकों में से 70 अंक हासिल किए। इस रैंकिंग में उधम सिंह नगर दूसरे और देहरादून तीसरे स्थान पर रहे।

योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनपद का उद्देश्य केवल रैंकिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त करना नहीं, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी महीनों में भी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की गति बनाए रखी जाए तथा जनकेंद्रित और परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति को और मजबूत किया जाए।