
अल्मोड़ा नगर क्षेत्र के थपलिया इलाके में सड़कों पर खुलेआम घूम रहे आवारा पशु लोगों के लिए बड़ी समस्या बनते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों द्वारा भेजी गई तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के बीचों-बीच गाय और बैल खड़े हैं, जबकि आसपास वाहन और दोपहिया सवार गुजर रहे हैं। ऐसे हालात किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुबह और शाम के समय आवारा पशुओं की संख्या और बढ़ जाती है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। कई बार अचानक सामने आ जाने से वाहन चालकों को तेज ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे पीछे से आने वाले वाहनों से टकराने का खतरा बना रहता है।
स्थानीय जनता की मांग की है कि:
• आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित गौशालाओं में भेजा जाए।
• नियमित गश्त और निगरानी की व्यवस्था की जाए।
• पशु छोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।
अगर समय रहते प्रशासन ने कदम नहीं उठाए, तो यह समस्या किसी बड़ी दुर्घटना में बदल सकती है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर ठोस कार्रवाई की जरूरत है।