लमगड़ा से ढौरा तक… जिलाधिकारी की लगातार जांच, अस्पताल से स्कूल तक कई खामियां आईं सामने!

Responsive example

अल्मोड़ा- जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज लमगड़ा से लेकर ढौरा तक सरकारी व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा पहुँचे, जहां अस्पताल की सुविधाओं, निर्माणाधीन भवन, डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाओं के स्टॉक, डिजिटल एक्स-रे मशीन और बुनियादी सेवाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि नया सीएचसी भवन समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा हो, साथ ही बढ़ती मरीज संख्या के अनुसार अतिरिक्त स्टाफ और उपकरण तुरंत उपलब्ध कराए जाएं। कूड़ा प्रबंधन पर गंभीरता दिखाते हुए उन्होंने कहा कि बायोमेडिकल वेस्ट का सही पृथक्करण अनिवार्य है, ताकि संक्रमण का खतरा न हो। अस्पताल की सभी जरूरतों की विस्तृत सूची बनाकर प्रशासन को भेजने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन एएनएम सेंटर ढौरा का निरीक्षण किया और कहा कि यह मातृ-शिशु स्वास्थ्य के लिए अहम केंद्र बनेगा, इसलिए निर्माण की मजबूती और गुणवत्ता में कोई समझौता न हो।अंत में वे राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढौरा पहुँचे। यहाँ विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी जरूरतें जानीं। उनकी माँग पर जिलाधिकारी ने विज्ञान लैब, इंडोर गेम्स रूम और खेल मैदान के सुधार के निर्देश दिए।

इस निरीक्षण अभियान में सीडीओ रामजीशरण शर्मा, एसडीएम संजय कुमार, बीडीओ निवेदिता खुल्बे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *