जल संकट से निपटने को जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

Responsive example

बागेश्वर: आगामी गर्मी के मौसम से पहले पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा संभावित जल संकट वाले क्षेत्रों के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक की। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जल संस्थान, जल निगम और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अंतिम चरण में चल रही पेयजल योजनाओं को युद्ध स्तर पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इनका लाभ मिल सके। अधिकारियों को अपनी योजनाओं की प्रगति की पूरी जानकारी रखने को कहा गया, साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।

पेयजल योजनाओं के हस्तांतरण प्रक्रिया की भी बैठक के दौरान समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि लंबित औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण किया जाए। विशेष रूप से ग्राम सभाओं को हस्तांतरित होने वाली योजनाओं के संबंध में, उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकें कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि योजनाओं के संचालन में स्थानीय सहभागिता प्रभावी हो सके।

जिलाधिकारी ने संभावित जल संकट वाले क्षेत्रों को चिन्हित करने और वहां पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में गर्मियों के दौरान पानी की कमी होती है, वहां टैंकरों तथा अन्य वैकल्पिक माध्यमों की अग्रिम व्यवस्था की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत राहत उपलब्ध कराई जा सके।

शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने एक कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया, जिसमें पर्याप्त कर्मचारी तैनात रहें और प्राप्त शिकायतों का तत्काल समाधान हो सके। उन्होंने जिला पंचायतीराज अधिकारी (डीपीआरओ) को सभी ग्राम प्रधानों से नियमित संवाद स्थापित करने और प्रत्येक गांव में पेयजल उपलब्धता की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। समस्या सामने आने पर संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर उसका समाधान करें।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर, फील्ड में जाकर योजनाओं और जलापूर्ति की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि ग्रीष्मकाल में किसी भी नागरिक को पेयजल के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध रूप से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता दलीप सिंह बिष्ट, जल निगम के वीके रवि, सिंचाई विभाग के जगत सिंह बिष्ट और दीन दयाल टम्टा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *