जन-जन के द्वार पहुँचे मुख्यमंत्री धामी: खैरी मानसिंह बहुउद्देशीय शिविर में 930 ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ

Responsive example

देहरादून-जनसेवा को समर्पित संकल्प “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को रायपुर ब्लॉक की न्याय पंचायत खैरी मानसिंह में एक विशाल बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं पहुँचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए और शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

शिविर के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा सामाजिक कल्याण से जुड़ी कई योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। उन्होंने 10 बालिकाओं को किशोरी किट, 04 महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित कीं तथा वयोश्री योजना के अंतर्गत 52 वृद्धजनों को कुल 210 सहायक उपकरण प्रदान किए। कार्यक्रम में रायपुर विधायक उमेश शर्मा (काऊ), क्षेत्र पंचायत प्रमुख सरोजनी जवाड़ी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने शिविर को ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत बताया।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में आयोजित इस बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों ने कुल 106 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज कराईं। प्रशासन द्वारा इनमें से 25 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा कुल 930 लाभार्थियों को अलग-अलग जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

ग्रामीणों ने निर्माणाधीन सोंग बांध परियोजना से क्षेत्र के गांवों को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी, जिस पर परियोजना के अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी कि इन गांवों को डीपीआर में सम्मिलित कर लिया गया है। मालदेवता क्षेत्र में नेटवर्क समस्या को लेकर ग्रामीणों की शिकायत पर सीडीओ ने बीएसएनएल टावर स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मालदेवता में बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए उसे 10 बेड का करने के लिए सीएमओ को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

शिविर में शिक्षा, खेल और आधारभूत ढांचे से जुड़ी समस्याएं भी प्रमुखता से सामने आईं। खैरी मानसिंह में खेल मैदान निर्माण के संबंध में बताया गया कि प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। प्राथमिक विद्यालय हिलांसवाली के जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण तथा प्राथमिक विद्यालय अखंडवाली में चारदीवारी निर्माण को जिला योजना में शामिल किए जाने की जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी भवन के लिए पूर्ण धनराशि न मिलने की शिकायत पर बीडीओ को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों में घेरबाड़, फेंसिंग और सोलर लाइट की व्यवस्था की मांग रखी। इसके अलावा आपदा से क्षतिग्रस्त कॉजवे, सिंचाई गूल, पैदल मार्ग, सड़क सुधारीकरण और बाढ़ सुरक्षा दीवार निर्माण से संबंधित मांगें भी रखी गईं, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में एलोपैथिक पद्धति से 117, होम्योपैथिक से 83 तथा आयुर्वेदिक पद्धति से 130 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। इसके साथ ही 42 लोगों का आधार अपडेट, 04 दिव्यांग प्रमाण पत्र और 20 आयुष्मान कार्ड मौके पर ही जारी किए गए। पशुपालन, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, राजस्व, पंचायती राज सहित अन्य विभागों के माध्यम से भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिससे यह आयोजन ग्रामीणों के लिए एक प्रभावी और लाभकारी पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *