जनता मिलन में 120 शिकायतें दर्ज, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

Responsive example

चम्पावत – सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएँ अधिकारियों के समक्ष रखीं। कार्यक्रम के दौरान कुल 120 शिकायतें दर्ज की गईं।

प्राप्त शिकायतों में आर्थिक सहायता, आवास, पेयजल आपूर्ति, सोलर लाइट, आपदा से क्षतिग्रस्त योजनाएँ, फसल सुरक्षा, तारबाड़, रोजगार, सड़क, विद्युत, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य जनहित से जुड़े विषय शामिल रहे।

जनता मिलन में ग्राम मौराडी निवासी ललित मोहन जोशी ने आधार कार्ड में नाम की त्रुटि के कारण पेंशन न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को आधार संशोधन कराने तथा समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं बरेली निवासी सेवानिवृत्त ले. कर्नल वी.पी.सी. जोशी द्वारा भूमि से अवैध कब्जा हटाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने दोनों पक्षों को आपसी सहमति से समाधान हेतु अपने कार्यालय में बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया, जिस पर दोनों पक्ष सहमत हुए।

ढकना बड़ोला निवासी बबीता देवी द्वारा गौशाला उपलब्ध कराने की मांग पर पशुपालन विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पाटी निवासी पार्वती देवी की रुकी हुई वृद्धावस्था पेंशन को पुनः प्रारंभ करने हेतु समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल निर्देशित किया गया।

बनौला निवासी दिव्यांग महिला चन्द्रा देवी द्वारा शौचालय निर्माण संबंधी शिकायत पर जिला विकास अधिकारी को आवश्यक औपचारिकताएँ पूर्ण कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए।

सैनिक कॉलोनी नागनाथ वार्ड के निवासियों द्वारा सड़क संबंधी समस्या उठाए जाने पर अधिशासी अधिकारी चम्पावत एवं लोक निर्माण विभाग को मार्ग सुधार के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त ढकना बड़ोला निवासी विनोद सिंह ने आपदा से क्षतिग्रस्त पुल के सुधार, गंगनौला निवासी रिचा जोशी ने दिव्यांग पेंशन व राशन कार्ड, इंद्रा देवी ने पेयजल समस्या, खर्ककार्की निवासी मीना कार्की ने पुलिया निर्माण, कमल सिंह ने केसीसी ऋण माफी, जानकी बोहरा ने राशन कार्ड तथा भावना पांडे ने विधवा पेंशन से संबंधित समस्याएँ रखीं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले फरियादियों की समस्याओं का संवेदनशीलता, गंभीरता एवं समयबद्धता से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता मिलन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका स्थायी समाधान करना है।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल, जिला विकास अधिकारी दिनेश डिगारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *