
देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं। आज आयोजित जनता दर्शन में कुल 170 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में आने वाले समस्याग्रस्त, बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों की शिकायतों का समयबद्ध तथा संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई की जानकारी जिलाधिकारी कार्यालय के साथ-साथ संबंधित शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराई जाए, जिससे समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।
जनता दर्शन के दौरान बंजारावाला निवासी एक महिला ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि उनकी पुत्री विदुषी, जो एक निजी स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा है, आर्थिक तंगी के कारण स्कूल की फीस जमा नहीं कर पाई है। इस कारण विद्यालय प्रबंधन उसे परीक्षा में बैठने से रोक रहा था। इस मामले पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर छात्रा को परीक्षा में सम्मिलित कराने के निर्देश दिए। साथ ही, जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा योजना के अंतर्गत उसकी स्कूल फीस जमा कराने की कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया।
जवाहर कॉलोनी, बल्लूपुर निवासी शमशाद ने बताया कि वर्ष 2023 में एक दुर्घटना में उनका पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था और उनका उपचार चल रहा है। आय का कोई साधन न होने के कारण उन्होंने आर्थिक सहायता की मांग की थी। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को उनकी वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने तथा प्रभारी अधिकारी शस्त्र को रायफल फंड से आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
तहसील चकराता के ग्राम कांडोई निवासी अनिल कुमार ने अवगत कराया कि वर्ष 2017 में पीएमजीएसवाई कालसी द्वारा लाखामण्डल से नाडा मोटर मार्ग का निर्माण किया गया था। इस निर्माण कार्य से उनकी कृषि भूमि और एक नहर को नुकसान पहुंचा था। उन्होंने बताया कि नहर निर्माण के लिए बकाया 5.04 लाख रुपये की धनराशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से प्रकरण का संज्ञान लेते हुए समाधान प्रस्तुत करने को कहा। अधिकारियों ने 12 मार्च तक समस्या के निस्तारण का लिखित आश्वासन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।
खुड़बुड़ा निवासी सरिता गोयल ने भी अपनी आर्थिक स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि उनका परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। उनका पुत्र दिव्यांग है, जिसका उपचार कराने में वे असमर्थ हैं, और उनके पति भी बीमार हैं। इस मामले पर जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी शस्त्र को रायफल फंड से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, जिला प्रोबेशन अधिकारी को सरिता के दिव्यांग पुत्र को स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत 4000 रुपये प्रतिमाह की सहायता उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया, जिससे परिवार को आर्थिक संबल मिल सके और बच्चे का उपचार सुचारू रूप से जारी रह सके।
जनता दर्शन में गढ़ीकैंट डाकरा निवासी एक 67 वर्षीय बुजुर्ग ने भी अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि वे हृदय रोग से पीड़ित हैं और हाल ही में उनका ऑपरेशन हुआ है। उन्होंने शिकायत की कि उनका पुत्र नशे की लत के कारण आए दिन घर में हुड़दंग करता है और उन्हें परेशान करता है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित प्रकरण में गुंडा एक्ट के अंतर्गत वाद दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार, धर्मपुर निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने अपनी बहू द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में उनके भरण-पोषण के लिए वाद दर्ज किया गया है, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजीव नगर निवासी विधवा अरूणा ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि उनके पति की वर्ष 2008 में मृत्यु हो गई थी और वे मजदूरी करके अपने परिवार का जीवन यापन करती हैं। उन्हें पेयजल का 34,395 रुपये का बिल प्राप्त हुआ है, जिसका भुगतान करने में वे असमर्थ हैं। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को बिल का सेटलमेंट करने के निर्देश दिए। साथ ही, सेटलमेंट धनराशि का भुगतान जिला प्रशासन के रायफल फंड से करने की स्वीकृति दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना है तथा जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, संवेदनशील और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।