
चम्पावत: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में शनिवार को विधानसभा क्षेत्र 54-लोहाघाट और 55-चम्पावत के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने की प्रक्रिया पर बल दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदेय स्थलों के बीएलओ ने प्रतिभाग किया। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा उन्हें घर-घर जाकर मतदाता सूची का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। इसमें नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम सूची से हटाने और विद्यमान त्रुटियों के संशोधन से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी विस्तार से प्रदान की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने प्रशिक्षण में कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन हेतु शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य के संपादन में बीएलओ की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण होती है। निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर नामावली से जोड़ा जाए।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे पूर्ण निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ घर-घर सर्वे का कार्य संपन्न करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर जीवन कालोनी और संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।