चम्पावत में घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी व्यवस्था लागू

Responsive example

चम्पावत: चम्पावत जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक व्यवस्थागत निर्णय लिया है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि वर्तमान में गैस बुकिंग की ऑनलाइन प्रक्रिया, डीएसपी तथा ओटीपी सत्यापन के दौरान बड़ी संख्या में फोन कॉल आते हैं। इसके कारण कई उपभोक्ताओं को बिना आवश्यकता के गैस एजेंसियों पर जाना पड़ता है। इससे गैस एजेंसी परिसरों में भीड़ बढ़ती है और कानून तथा शांति व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका बनी रहती है। साथ ही, समय पर गैस आपूर्ति में भी बाधा उत्पन्न होती है।

इन स्थितियों को देखते हुए जिले की सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। अब घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण केवल निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट्स और डोर-टू-डोर वितरण प्रणाली के माध्यम से ही उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाएगा। इस नई व्यवस्था से आम जनता को घर पर ही सुरक्षित और आसानी से गैस सिलेंडर मिल सकेगा।

इसके अतिरिक्त, जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस अथवा मोबाइल ऐप से नहीं हो पाती है, वे केवल बुकिंग दर्ज कराने के लिए गैस एजेंसी जा सकते हैं। गैस एजेंसियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि बुकिंग प्राप्त होने के बाद नियमानुसार उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस बुकिंग के लिए उपभोक्ताओं को अब अपना खाली गैस सिलेंडर लेकर एजेंसी या गोदाम पर आने की आवश्यकता नहीं होगी। गैस आपूर्ति निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट्स और डोर-टू-डोर प्रणाली के माध्यम से ही की जाएगी।

इस व्यवस्था के संबंध में सभी उपजिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्हें गैस एजेंसियों तथा गोदामों का नियमित भ्रमण कर व्यवस्था का निरीक्षण करना होगा। साथ ही, आम जनता को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को भी कहा गया है, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से एजेंसियों में लाइन लगाने से बचाया जा सके।

जिला प्रशासन ने आम जनता को जारी निर्देशों का पालन करने को कहा है। उनसे आग्रह किया गया है कि वे गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ न लगाएं और निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट्स तथा डोर-टू-डोर गैस वितरण व्यवस्था का लाभ उठाएं। इससे जिले में गैस आपूर्ति प्रणाली सुचारु और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *