घटोत्कच महाराज मंदिर में ‘जल महोत्सव’ और ‘नीर नारी सम्मान समारोह 2026’

IMG 20260308 WA0007
Responsive example

चंपावत: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में जल संस्थान एवं जल निगम द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद के प्रसिद्ध जल देवता घटोत्कच महाराज के मंदिर परिसर, चौकी में ‘जल महोत्सव’ एवं ‘नीर नारी सम्मान समारोह 2026’ का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख चंपावत, अचला बोरा ने जल और नारी के अटूट संबंध को रेखांकित करते हुए दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) गणेश खाती, जल संस्थान के अधिशाषी अभियंता आर.पी. डोबाल और जल निगम के अधिशाषी अभियंता अशोक स्वरूप सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की महत्ता और ‘नीर नारी सम्मान’ के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने जल संरक्षण में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

समारोह में स्थानीय महिलाओं द्वारा पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर जल देवता के भजन और कुमाऊंनी लोकगीतों की प्रस्तुति रही। महिलाओं ने गीतों के माध्यम से जल की महत्ता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। साथ ही, उपस्थित सभी महिलाओं को ‘नीर नारी सम्मान’ के प्रतीक स्वरूप पारंपरिक ‘पिछौड़े’ वितरित किए गए। अंत में ब्लॉक प्रमुख अचला बोरा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन के लिए जल संस्थान एवं जल निगम की टीम को बधाई दी।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान चौकी गीता देवी, बीडीसी सदस्य रजनी, सहायक अभियंता पवन बिष्ट, सहायक अभियंता अमित कुमार, लैब केमिस्ट तनूजा, रेखा सहित जल संस्थान एवं जल निगम का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *