
अल्मोड़ा: उत्तराखंड शासन के सचिव, लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडे और जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने क्वारब डेंजर जोन में चल रहे सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव डॉ. पांडे ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि यह जनपद का मुख्य मार्ग होने के कारण, यहां चल रहे कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने मशीनों और संसाधनों की संख्या में तत्काल बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए ताकि कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण हो सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि कार्यों के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए एक विशेष कार्ययोजना बनाई जाए। सचिव ने निर्देश दिए कि भारी वाहनों की आवाजाही के लिए दिन या रात का कोई एक समय निर्धारित कर एक योजना बनाकर प्रस्तुत की जाए, तथा भारी वाहनों का आवागमन केवल उसी निर्धारित समय में ही किया जाए।
डॉ. पांडे ने स्पष्ट किया कि हल्के वाहनों को केवल क्वारब बाईपास मार्ग से ही संचालित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से एक ओर निर्माण कार्य निर्बाध गति से चलता रहेगा, वहीं दूसरी ओर भारी वाहनों की आवाजाही भी सुनिश्चित हो सकेगी और आम जनता को राहत मिलेगी।
सचिव ने मौके पर मौजूद अभियंताओं से कार्यों की विस्तृत तकनीकी जानकारी ली और कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता एवं निर्धारित गति से करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
इस दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि क्वारब में चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रैफिक प्लान का अनुपालन पुलिस एवं परिवहन विभाग के समन्वय से सुनिश्चित कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग अशोक चौधरी, उप जिलाधिकारी अल्मोड़ा संजय कुमार और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।