कैंचीधाम मेले की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

Responsive example

नैनीताल: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कैंचीधाम मंदिर परिसर स्थित सभागार में आगामी 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस मेले की पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मंदिर समिति, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मेले की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने मेले को सुव्यवस्थित, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए यातायात प्रबंधन, पार्किंग, शटल सेवा, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और अग्निशमन प्रबंधों की विभागवार समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंचीधाम मेले को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। व्यवस्था में तैनात सभी कार्मिकों को श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए ताकि क्षेत्र से एक सकारात्मक संदेश जाए। यातायात प्रबंधन को इस प्रकार सुनिश्चित करने को कहा गया है जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन करने में आसानी हो।

पर्यावरण संरक्षण को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शिप्रा नदी में कचरा न गिरे, इसके लिए वन विभाग लगातार निगरानी रखेगा। वन विभाग को इसके लिए पर्याप्त संख्या में कार्मिक तैनात करने और नदी क्षेत्र को अलग-अलग जोन में बांटकर निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। संपूर्ण यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए नगर पालिका भीमताल, भवाली और जिला पंचायत पर्याप्त संख्या में पर्यावरण मित्रों की तैनाती करेंगे। यह टीमें क्षेत्र से कूड़े का नियमित उठान सुनिश्चित करेंगी। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से भी पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

यातायात और शटल सेवा की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि जिन स्थानों से शटल सेवा शुरू होगी, वहां पेयजल, प्रकाश, शौचालय, टेंट और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। प्रत्येक शटल संचालन स्थल पर राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग का एक-एक प्रतिनिधि तैनात रहेगा। परिवहन निगम को निर्देश दिए गए हैं कि इन स्थानों पर बस और टैक्सी के निर्धारित किराए से संबंधित फ्लेक्सी बोर्ड लगाए जाएं। मेले के दौरान 11 स्थानों पर मोबाइल शौचालय स्थापित किए जाएंगे, जिनमें पानी की आपूर्ति के लिए टैंकर और सफाई के लिए कार्मिक तैनात रहेंगे।

परिवहन विभाग को शटल सेवा में लगाई गई बसों और टैक्सियों की फिटनेस जांचने के साथ ही उनमें पर्याप्त ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चालकों और परिचालकों की स्थिति की भी नियमित जांच की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान मार्ग में कोई भी ठेला या फूड वैन संचालित नहीं होगी और कहीं भी भंडारा आयोजित नहीं किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान की जानकारी देते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी को यात्रा मार्ग से सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए ताकि मार्ग में कोई अवरोध न आए।

श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए क्षेत्र में तीन एंबुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। भीड़ नियंत्रण के लिए एक वैकल्पिक योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि कैंचीधाम के लिए हल्द्वानी, काठगोदाम, नैनीताल, भीमताल, भवाली और खैरना से शटल सेवा संचालित होगी। इसके लिए 254 बसें और 250 टैक्सी-मैक्सी वाहन लगाए गए हैं। हल्द्वानी से कैंचीधाम का किराया 150 रुपये, भीमताल व नैनीताल से 100 रुपये तथा भवाली व खैरना से 50 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। बैठक में पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, उप जिलाधिकारी धारी अनुराग आर्य, उप जिलाधिकारी कैंचीधाम दिव्यांशु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *