
बागेश्वर: जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में उद्योग मित्र बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले के उद्यमियों के साथ विस्तृत संवाद हुआ। जिलाधिकारी ने उद्यमियों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, मसाले, ऊनी उत्पाद जैसे विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने इन उत्पादों के विपणन और प्रोत्साहन से संबंधित मुद्दों पर उद्यमियों से चर्चा की।
बैठक के एजेंडे में सिंगल विंडो क्लीयरेंस प्रणाली, निजी औद्योगिक पार्क की स्थापना और फूड प्रोसेसिंग यूनिट के लिए भूमि की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल थे। इन सभी विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्रशिक्षित पर्यटक गाइड के रूप में तैयार युवाओं की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित विभागों से प्रशिक्षण व्यय की वसूली की जाएगी। साथ ही, उद्यम विभाग को निर्देशित किया गया कि वे सभी प्रशिक्षित व्यक्तियों का एक अलग डेटाबेस तैयार करें।
जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक कविता भगत ने बैठक में जानकारी दी कि पूर्व में आयोजित उद्योग मित्र बैठकों में सामने आई समस्याओं के समाधान के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकांश प्रकरणों का सफलतापूर्वक समाधान कर लिया गया है। महाप्रबंधक ने यह भी अवगत कराया कि सिंगल विंडो क्लीयरेंस प्रणाली के माध्यम से उद्यमियों को समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।
जिलाधिकारी ने उद्यमियों को यह आश्वासन दिया कि उनके उत्पादों को जिला स्तर की खरीद प्रक्रियाओं में प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने जिले के सभी उद्यमियों और उनके उत्पादों की एक कैटलॉग पुस्तिका तैयार करने के भी निर्देश दिए, ताकि इन उत्पादों को व्यापक पहचान मिल सके और उनकी पहुंच बढ़ाई जा सके। बैठक में पिछली उद्योग मित्र बैठक की अनुपालन आख्या भी प्रस्तुत की गई।
इसी क्रम में, हथकरघा, हस्तशिल्प एवं लघु उद्योग क्षेत्रों में वर्ष 2025-26 के लिए पुरस्कार हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों को जिला स्तरीय पुरस्कार चयन समिति के समक्ष रखा गया। हथकरघा श्रेणी में मीरा पांचपाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कलावती देवी द्वितीय स्थान पर रहीं। हस्तशिल्प श्रेणी में बसंतलाल प्रथम रहे और प्रेमा परिहार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लघु उद्योग श्रेणी में हरि कम्र्याल प्रथम स्थान पर रहे तथा सूरज प्रकाश सिंह द्वितीय स्थान पर रहे।
इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कविता भगत, प्रबंधक अनिल रावत, वरिष्ठ कोषाधिकारी कन्हैया लाल सरकी, होटल एसोसिएशन से शिरीष कपूर, सहित अन्य अधिकारी, उद्यमी तथा शिल्पकार उपस्थित रहे।