
अल्मोड़ा।
जिला गंगा समिति, अल्मोड़ा द्वारा 4 नवंबर को नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत ‘गंगा उत्सव’ का आयोजन किया गया। उत्सव कोसी पुल एवं जागेश्वर धाम में आयोजित हुआ, जिसमें स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नंदा देवी मंदिर से चौघान पाटा तक प्रभात फेरी के साथ हुई। प्रभात फेरी के माध्यम से नदी संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया गया।
शाम को कोसी नदी तट पर गंगा आरती (कोसी आरती) का आयोजन किया गया, जो शाम 5 बजे से 7 बजे तक चला। इस दौरान दीप प्रज्वलन, मंत्रोच्चार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नदियों के महत्व को रेखांकित किया गया। अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, और ब्लॉक प्रमुख हवालबाग हिमानी कुंडू सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।