अल्मोड़ा में जिलाधिकारी ने कानून-व्यवस्था और राजस्व वसूली कार्यों की समीक्षा की

Responsive example

अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में कानून-व्यवस्था, राजस्व वसूली और विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा के लिए एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान परिवहन विभाग, नियमित पुलिस, राजस्व पुलिस, वन विभाग और राजस्व विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत रूप से समीक्षा की गई। बैठक में विभागीय प्रगति के साथ-साथ लंबित मामलों और राजस्व न्यायालयों में चल रहे विभिन्न प्रकरणों पर विशेष चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने आपराधिक गतिविधियों, विशेष रूप से महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखने और किसी भी अपराध की स्थिति में सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किए गए वाहनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और प्रवर्तन कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। राजस्व प्राप्ति और कर संग्रह की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। साथ ही राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री कोष से मिलने वाली आर्थिक सहायता से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, जॉइंट मजिस्ट्रेट रानीखेत गौरी प्रभात, उपजिलाधिकारी संजय कुमार सहित सभी तहसीलदार और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *