
अल्मोड़ा: जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अंशुल सिंह ने बताया कि अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 को 15 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक हल्के वाहनों, यात्री बसों और अन्य सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इस अवधि में चौसली-क्वारब वैकल्पिक मोटर मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग रानीखेत की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार क्वारब बाईपास मार्ग में अतिवृष्टि के कारण कुछ स्थानों पर भूस्खलन हुआ था। राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के किलोमीटर 56 पर भूस्खलन के बाद मोटर मार्ग की चौड़ाई लगभग सात मीटर प्राप्त हो चुकी है। मार्ग के किनारे स्लाइडिंग क्षेत्र में स्केलिंग और ट्रीटमेंट का कार्य जारी है।
वैकल्पिक मार्ग पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
चौसली-क्वारब वैकल्पिक मोटर मार्ग पर 15 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी और उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा।
आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छूट
एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं में प्रयुक्त वाहनों को प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। किसी अन्य वाहन के लिए प्रतिबंधित अवधि में आवागमन की अनिवार्यता होने पर संबंधित उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी या जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी निर्णय लेने के लिए अधिकृत होंगे।
प्रतिबंधित मार्ग पर वाहन संचालन और सड़क दुर्घटना की स्थिति में संबंधित चौकी या थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।