
अल्मोड़ा: जिला पूर्ति अधिकारी करुणा पंत ने जानकारी दी है कि जनपद में पेट्रोल की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने अवगत कराया कि केवल दो पेट्रोल पम्पों पर मेंटेनेंस का कार्य चल रहा था, जिसके कारण अस्थायी रूप से पेट्रोल की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। इस कार्य को आज शाम तक अथवा अधिकतम कल सुबह तक पूर्ण कर लिया जाएगा, जिसके बाद आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू हो जाएगी।
अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद के सभी पेट्रोल पम्पों पर पूर्व की भांति नियमित रूप से पेट्रोल उपलब्ध रहेगा। वर्तमान में जनपद में ईंधन की किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। जिला प्रशासन द्वारा पेट्रोल की आपूर्ति व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला पूर्ति अधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे पेट्रोल का अनावश्यक भंडारण न करें। उन्होंने नागरिकों से केवल अपनी आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल भरवाने का आग्रह किया है। यह अपील इसलिए की गई है ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अफवाह या पैनिक की स्थिति उत्पन्न न हो और व्यवस्था सुव्यवस्थित बनी रहे। प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है।