कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने 22 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की

Responsive example

अल्मोड़ा: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में जनमिलन कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत ताकुला मंडल के इसलना खाड़ी, सुनौली और भैसोड़ी गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 22 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया गया।

इसलना खाड़ी में ग्रामीणों ने सड़क कटिंग, देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण, राशन कार्ड में नाम जोड़ने और आर्थिक सहायता जैसी मांगें उठाईं। मंत्री ने सड़क कटिंग के लिए 2.5 लाख रुपये और मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। गांव की छात्रा प्रियांशी पंत को विज्ञान प्रदर्शनी में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 5,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

सुनौली गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, जल आपूर्ति, मोबाइल नेटवर्क और खेती की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की मांग रखी। मंत्री ने बताया कि तारबाड़ के लिए सर्वे पूरा हो चुका है और जल्द कार्य शुरू होगा। मोबाइल नेटवर्क के लिए केंद्र सरकार से पत्राचार का आश्वासन दिया गया। इसके अतिरिक्त, पांच सीसी सड़क मार्गों के निर्माण के लिए कुल 8 लाख रुपये और गणनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।

भैसोड़ी गांव में स्थानीय मंदिरों के सौंदर्यीकरण की मांग पर नरसिंह देवता मंदिर के लिए 3 लाख रुपये और कज्यरो देवता मंदिर के लिए 1.5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।

मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। दूरस्थ गांवों तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का भी आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *