गैस वितरण में पारदर्शिता हेतु चंपावत में एजेंसियों का औचक निरीक्षण, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Responsive example

चंपावत: जनपद चंपावत में घरेलू गैस की सुचारु आपूर्ति बनाए रखने और संभावित कालाबाजारी रोकने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को बिना किसी असुविधा के गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना और वितरण प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

इसी क्रम में, लोहाघाट स्थित गैस एजेंसी का तहसीलदार मोहिउद्दीन के नेतृत्व में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम ने एजेंसी के स्टॉक रजिस्टर और गोदाम में मौजूद सिलेंडरों का मिलान किया। निरीक्षण में स्टॉक की स्थिति संतोषजनक और सही पाई गई। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक कमल उपाध्याय और राजस्व उप निरीक्षक ऋषभ कुमार भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

उधर, चंपावत में तहसीलदार बृजमोहन आर्या के नेतृत्व में प्रशासन की टीम गैस गोदाम पर भी सक्रिय रही। यहां गैस लेने के लिए बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिलाएं एकत्रित हुए थे। प्रशासन द्वारा मौके पर शांति व्यवस्था कायम करते हुए उपभोक्ताओं की व्यवस्थित लाइनें लगवाई गईं, ताकि वृद्धों और महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय पर और पूर्ण पारदर्शिता के साथ ही गैस का वितरण किया जाए।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी गैस एजेंसियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी सिलेंडरों की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि वसूलने की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *