साड़ी गौरव मैराथन: महिलाओं ने दिया परम्परा और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश

1baa8a18 7a57 44bd afb0 fc89f6e870b8
Responsive example

देहरादून: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देहरादून में “साड़ी गौरव मैराथन” का आयोजन किया गया। यह मैराथन महिलाओं के गौरव, सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित थी। इसका आयोजन महिला कल्याण विभाग, उत्तराखंड के तत्वावधान में जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, देहरादून द्वारा किया गया। इस विशेष मैराथन में महिलाओं ने पारंपरिक भारतीय परिधान साड़ी पहनकर उत्साह और ऊर्जा के साथ बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया।

मैराथन का आरंभ नारी निकेतन चौराहा, दून विश्वविद्यालय रोड से हुआ। यह मैराथन दून विश्वविद्यालय मार्ग पर 02 किलोमीटर और 03 किलोमीटर की दूरी पर संपन्न हुई। इस आयोजन में विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में दौड़ लगाई। इसके माध्यम से उन्होंने समाज में महिलाओं की शक्ति, आत्मविश्वास और सक्रियता का महत्वपूर्ण संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना थीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और कहा कि महिलाएं अपनी संस्कृति और परम्पराओं को बनाए रखते हुए प्रत्येक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।

इस मैराथन में जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, राजकीय नारी निकेतन, राजकीय बाल देखरेख संस्थाओं में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इसके अतिरिक्त, निदेशालय महिला कल्याण के अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनमानस की महिलाओं ने भी स्वेच्छा से प्रतिभाग किया। कुल 70 से अधिक महिलाओं ने इस आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाया।

प्रतियोगिता के परिणामों के अनुसार, 02 किलोमीटर दौड़ में नविता ने प्रथम, रेखा चौहान ने द्वितीय और मीनू तड़ियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार, 03 किलोमीटर दौड़ में गीता बहुगुणा प्रथम, रियांका द्वितीय और ऋतु तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रतिभाग करने वाली मानेश्वरी को भी उनके उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।

आयोजकों ने इस अवसर पर बताया कि मैराथन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को यह संदेश देना था कि वे अपनी परम्पराओं और संस्कृति को बनाए रखते हुए जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। इसके साथ ही, व्यस्त जीवनशैली के बीच महिलाओं के लिए अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से जागरूक रहना आवश्यक है। इससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर परिवार, समाज और कार्यस्थल की जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभा सकेंगी।

इस कार्यक्रम का आयोजन मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला प्रोबेशन अधिकारी, देहरादून मीना बिष्ट द्वारा किया गया। कार्यक्रम में निदेशालय महिला कल्याण से उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी राजीव नयन, विधि अधिकारी समीक्षा शर्मा, कार्यक्रम प्रबंधक प्रीति उपाध्याय, राजकीय नारी निकेतन की अधीक्षिका सोनल राणा, मधु, पूजा, सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में अन्य महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *