
अल्मोड़ा: विकासखंड लमगड़ा मुख्यालय में क्षेत्र पंचायत की एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में विकासखंड क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं, जनसमस्याओं तथा विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की कई समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा गया, और उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई। इस पर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। इसमें योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी जनप्रतिनिधियों को प्रदान की गई, ताकि इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा सके।
बैठक प्रारंभ होने पर यह बात सामने आई कि कुछ निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के स्थान पर उनके प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित थे। इस विषय पर सदन के सदस्यों द्वारा आपत्ति व्यक्त की गई। इसके उपरांत यह निर्णय लिया गया कि क्षेत्र पंचायत की बैठक में नियमानुसार केवल निर्वाचित जनप्रतिनिधि ही उपस्थित रहेंगे।
इस बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख त्रिलोक सिंह रावत ने की। बैठक में विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, उप जिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल, और खंड विकास अधिकारी निवेदिता खुल्बे सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।