हल्द्वानी में 132 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

IMG 20260228 WA0000
Responsive example

नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में 132 करोड़ 55 लाख 56 हजार रुपये की कुल 39 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं में 72 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई 23 परियोजनाओं का लोकार्पण और 60 करोड़ 17 लाख 56 हजार रुपये की लागत से 16 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा विशेष योजनांतर्गत सहायता (SPA) कार्यक्रम में स्वीकृत “हल्द्वानी-काठगोदाम श्रोत एवं ट्रीटमेन्ट संवर्धन पेयजल योजना” का भूमि पूजन भी किया गया। इस योजना की कुल लागत 154 करोड़ 43 लाख रुपये है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन लोकार्पित एवं शिलान्यास की गई योजनाओं से नैनीताल जिले के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकसित बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा लिए गए कुछ महत्वपूर्ण निर्णय अन्य राज्यों के लिए भी प्रासंगिक सिद्ध हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ राज्य की विरासत को भी आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य को आगे बढ़ाना ही मुख्य लक्ष्य है, जिस पर दृढ़ संकल्प के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राज्य की संस्कृति, विरासत और पवित्रता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

जिन 23 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, उनमें शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान का मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग में महादेवपुरम व झलुवाझाला नलकूप, बेलपोखरा नलकूप, बैलपड़ाव में सिंचाई नलकूप, महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण तथा लालकुआं में नलकूपों पर स्टेबलाइजर प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त, जलजीवन मिशन के अंतर्गत हरिपुर लच्छी, कालूपुर पोखरिया, जीतपुर रैक्वाल, देवलातल्ला, भवानसिंह नवाड, बसन्तपुर, किशनपुर रैक्वाल, चोरगलिया आमखेडा जयराम परमा, हल्दूचौड़ जग्गी, भवानीपुर कृष्णा, पाडलीपुर, भगवानपुर दुर्गापुर और बकुटिया सहित 14 पेयजल योजनाएं तथा पशु चिकित्सालय रामगढ़ में भवन निर्माण कार्य भी लोकार्पित किए गए।

मुख्यमंत्री ने 16 योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें कसियालेख से धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी, चाफी-पदमपुरी-धानाचुली, मोतियापाथर-शहरफाटक मार्ग सुधारीकरण, नैनीताल में अनावासीय भवन निर्माण, भेंटी दियारी खोली मोटर मार्ग, नशा मुक्ति केंद्र पाण्डे नवाड मरम्मत कार्य, नवाबी रोड सीवरेज कार्य, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, नारीमन तिराहे से गौलापुर तक सड़क मरम्मत, देवरामपुर गौलागेट सड़क सुधारीकरण, हल्दूचौड़ गौलारोड डीबीएम कार्य, चांदनी चौक से घुड़दौड़ तक मार्ग सुधारीकरण, पीपल पोखरा में साइन शटरिंग, हिम्मतपुर बैजनाथ पीसी कार्य, वृंदावन विहार एवं चांदनी चौक में पीसी नवनिर्माण, गुसाईपुर में सड़क सुधारीकरण तथा पनचक्की-चौफुला-कठघरिया नहर कवरिंग कार्य शामिल हैं।

इस कार्यक्रम में नैनीताल-उधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट, भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, नैनीताल दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, शंकर कोरंगा, नवीन लाल वर्मा, दीपक महरा, रेनू अधिकारी, प्रताप बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों में कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *