
नैनीताल – हल्द्वानी स्थित बीएसएनएल कार्यालय में सांसद लोकसभा अजय भट्ट की अध्यक्षता में दूरसंचार सलाहकार समिति (TAC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की दूरसंचार सेवाओं, नेटवर्क विस्तार, उपभोक्ता सुविधाओं तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस विषय में बीएसएनएल के सहायक महाप्रबंधक (AGM) राजेन्द्र मुरारी से दूरभाष पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया —
4G नेटवर्क सुदृढ़ीकरण एवं सैचुरेशन कार्यक्रम
नैनीताल व्यापार क्षेत्र एवं अल्मोड़ा प्रचालन क्षेत्र के अंतर्गत 4G नेटवर्क को मजबूत करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
4G Saturation Programme के अंतर्गत—
नैनीताल क्षेत्र में 53 प्रस्तावित साइटों में से 53 साइट ऑन-एयर हो चुकी हैं।
अल्मोड़ा क्षेत्र में 223 प्रस्तावित साइटों में से 188 साइट ऑन-एयर की जा चुकी हैं।
4G Phase-IX.2 परियोजना के अंतर्गत—
नैनीताल क्षेत्र में 293 प्रस्तावित साइटों में से 292 साइट ऑन-एयर हो चुकी हैं।
अल्मोड़ा क्षेत्र में 223 प्रस्तावित साइटों में से 222 साइट ऑन-एयर की जा चुकी हैं।
इस प्रकार दोनों क्षेत्रों को मिलाकर कुल 755 4G साइट्स ऑन-एयर की जा चुकी हैं।
जिन क्षेत्रों में किसी भी सेवा प्रदाता का 4G नेटवर्क उपलब्ध नहीं है (शैडो एरिया), वहां 4G Saturation Programme के अंतर्गत नए टावर लगाए जा रहे हैं, ताकि दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक भी मोबाइल नेटवर्क की सुविधा पहुंच सके।
’संचार मित्र’ ऐप से सिम समस्या का समाधान
AGM राजेन्द्र मुरारी ने बताया कि बीएसएनएल में हाल ही में सिम से जुड़ी समस्या पूरे देश स्तर पर उत्पन्न हुई थी, जिसका अब समाधान कर लिया गया है। वर्तमान में बीएसएनएल की सिम उपलब्ध हो चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि सिम वितरण एवं ग्राहक सेवाओं को सरल बनाने के लिए बीएसएनएल द्वारा “संचार मित्र” मोबाइल ऐप शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से सिम से संबंधित प्रक्रियाएं अब सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।
WhatsApp पर शुरू हुआ बीएसएनएल चैटबॉट
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बीएसएनएल का WhatsApp चैटबॉट भी शुरू किया गया है। ग्राहक WhatsApp पर 1800-4444 नंबर पर “Hi” लिखकर शिकायत दर्ज करने, बिल देखने व भुगतान करने, प्लान बदलने, फाइबर बुक करने तथा ट्रांजैक्शन विवरण प्राप्त कर सकते हैं।
भारतनेट (ABP) परियोजना के तहत गांव-गांव फाइबर
संशोधित भारतनेट कार्यक्रम (ABP) के तहत उत्तराखंड में डिजिटल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिल रही है।
उत्तराखंड में कुल 95 ब्लॉक ABP के अंतर्गत कवर किए जा रहे हैं।
इनमें से 41 ब्लॉक नैनीताल व्यापार क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।
राज्य में लगभग 7600 ग्राम पंचायतें भारतनेट से जोड़ी जा रही हैं।
नैनीताल व्यापार क्षेत्र में लगभग 3480 ग्राम पंचायतें कवर की जा रही हैं।
नैनीताल व्यापार क्षेत्र में लगभग 898 ग्राम पंचायतें तथा अल्मोड़ा प्रचालन क्षेत्र में 2582 ग्राम पंचायतें भारतनेट के अंतर्गत कवर की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि नैनीताल में 14 ब्लॉकों में लगभग ग्राम पंचायतों को फाइबर कनेक्ट किया जा चुका है।
प्रमुख संस्थानों का बीएसएनएल पर भरोसा
AGM ने बताया कि हाईकोर्ट, विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, बैंक और अन्य प्रमुख संस्थान बीएसएनएल की लीज लाइन व इंटरनेट सेवाओं का सफलतापूर्वक उपयोग कर रहे हैं, जो बीएसएनएल की विश्वसनीयता को दर्शाता है।
इस अवसर पर बैठक में प्रधान महाप्रबंधक संजय प्रसाद(नैनीताल व्यापार क्षेत्र), उपमहाप्रबंधक एस एन रावत, श्रीराम गौड़, सहायक महाप्रबंधक एल. ऍम. तिवारी, उपमंडल अभियंता पी.के. वर्मा, जी.एस. कार्की, रविन्द्र पाल सिंह व अन्य अधिकारी उपस्थित थे ।