आपदा प्रभावित 48 परिवारों को मिली 17 लाख रुपये की राहत सहायता

Responsive example

 

देहरादून – रायपुर ब्लॉक में सितंबर माह में आई अतिवृष्टि एवं बादल फटने की आपदा से प्रभावित 48 परिवारों को जिला प्रशासन देहरादून द्वारा कुल 17 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह सहायता वेस्ट वॉरियर्स संस्था के सहयोग से उपलब्ध कराई गई।

कलेक्ट्रेट सभागार, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी सविन बंसल ने चयनित आपदा प्रभावित परिवारों को चेक वितरित किए। यह पहल माननीय मुख्यमंत्री की प्रेरणा एवं जिला प्रशासन की संवेदनशील प्रतिबद्धता का परिणाम है, जिसके तहत आपदा पीड़ितों तक अतिरिक्त सहायता पहुँचाने का प्रयास किया गया।

गौरतलब है कि 15 सितंबर की रात रायपुर ब्लॉक के कई ग्रामीण क्षेत्रों में भारी बारिश और बादल फटने की घटना से व्यापक नुकसान हुआ था। इस प्राकृतिक आपदा में कई परिवारों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं कुछ परिवारों ने अपनों को खोया। ऐसे अत्यधिक प्रभावित परिवारों को चिन्हित कर यह राहत सहायता प्रदान की गई।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने इस अवसर पर कहा कि आपदा के तुरंत बाद प्रशासन द्वारा एसडीआरएफ के निर्धारित मानकों के अनुसार सहायता दी गई थी। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं और एनजीओ की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संगठन मानवीय मूल्यों के साथ प्रशासन का सहयोग कर पीड़ितों तक राहत पहुँचाने में अहम योगदान देते हैं। भविष्य में भी विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से आपदा प्रभावितों को सहायता उपलब्ध कराई जाती रहेगी।

इस कार्यक्रम में रायपुर ब्लॉक की कार्लीगढ़, धनौला, फूलेत, सरखेत एवं छमरौली ग्राम पंचायतों के 48 बाढ़ प्रभावित परिवारों को प्रति परिवार 15,000 रुपये की सहायता दी गई। लाभार्थियों की सूची जिला प्रशासन, ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत सदस्यों एवं वेस्ट वॉरियर्स संस्था के आपसी समन्वय से तैयार की गई थी।

वेस्ट वॉरियर्स संस्था के प्रतिनिधि नवीन कुमार सडाना ने बताया कि यह सहायता दानदाताओं एवं सहयोगकर्ताओं के योगदान से संभव हो पाई है और आगे भी जैसे-जैसे संसाधन उपलब्ध होंगे, अन्य प्रभावित परिवारों को चरणबद्ध रूप से सहायता दी जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ओएनजीसी के जीएम नीरज शर्मा, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाईं, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *