
उत्तराखंड- टिहरी जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहाँ गुजरात के 29 श्रद्धालुओं को लेकर कुंजापुरी मंदिर दर्शन के लिए जा रही बस नरेंद्रनगर के पास लगभग 70 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही जिला नियंत्रण कक्ष की ओर से एसडीआरएफ को अलर्ट किया गया, जिसके बाद ढालवाला, कोटि कॉलोनी और मुख्यालय से कुल पांच टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम ने बस से घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार दुर्घटना में पांच लोगों की दुखद मौत हुई है, जिनमें चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जबकि तीन घायलों को एम्स ऋषिकेश और चार को श्रीदेव सुमन उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर में भर्ती कराया गया है। शेष 17 यात्री सामान्य बताए जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीमें मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू कार्य जारी है।